Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 12 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा के छाता में मारपीट का मामला गरमाया, प्रधान प्रतिनिधि समेत तीन पर मुकदमा दर्ज, पीड़ित पक्ष ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

मथुरा। छाता थाना क्षेत्र में युवक पर कथित जानलेवा हमले का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में प्रधान प्रतिनिधि समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद गुरुवार को पीड़ित पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर घायल पक्ष के लोगों के खिलाफ फर्जी क्रॉस केस दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना 8 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित पूरन सिंह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अचानक बंद हो गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते प्रधान प्रतिनिधि भरतो, उमेश और हिमांशु ने लाठी-डंडों एवं हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में पूरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

इस मामले में पीड़ित के भाई विजय की तहरीर पर छाता थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

वहीं, मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़ित पक्ष के परिजन SSP कार्यालय पहुंचे। उनका आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए घायल पक्ष के रतन, विजय, हरिओम, देवेश, ओमप्रकाश और प्रदीप के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करा दिया है।

पीड़ित परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित रूप से झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

Previous News

मथुरा के राया में सुबह-सुबह सड़क हादसा, अनियंत्रित स्विफ्ट कार पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिरी, दो लोग घायल

Next News

मथुरा में गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, वृंदावन पुलिस ने धर्मेन्द्र और अनिकेत को घर से दबोचा