मथुरा। दीपावली के पावन पर्व के अगले दिन गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की परंपरा पूरे ब्रज में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इसी क्रम में भरतपुर गेट के समीप स्थित प्राचीन दीर्घ विष्णु मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
महोत्सव के दौरान भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा उन्हें विधि-विधान के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन में भक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के संबंध में मंदिर के सेवायतों ने बताया कि दीर्घ विष्णु मंदिर में प्रतिवर्ष अन्नकूट महोत्सव एवं महाप्रसाद का आयोजन परंपरागत रूप से किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना और श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति से जोड़ना है।
अन्नकूट महोत्सव के आयोजन से मंदिर परिसर में उत्सव और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला।