नशे के कारोबारियों ने तस्करी के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पुलिस भी देखकर हैरान रह गई। झारखंड में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने गांजा तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये का गांजा बरामद किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि तस्करों ने 426 किलो गांजा एक कंटेनर ट्रक के गुप्त तहखाने में छिपा रखा था। वहीं दूसरी कार्रवाई में ट्रेन के जनरल कोच से 15 किलो गांजे के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, पहली बड़ी कार्रवाई झारखंड के गढ़वा जिले में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक कंटेनर ट्रक में गांजे की बड़ी खेप छिपाई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर बने गुप्त चैंबर को देखकर हैरान रह गई। इस गुप्त तहखाने से एक-एक किलो के 426 पैकेटों में रखा कुल 426 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 13 लाख रुपये आंकी गई है।
खास बात यह है कि ट्रक का रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश का मिला है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक में कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर हुई, जहां आरपीएफ ने हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में छापेमारी कर चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदा गया था और इसे बिहार के चंपारण इलाके में पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों में तीन उत्तर प्रदेश और एक बिहार के पश्चिमी चंपारण का रहने वाला है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। सवाल यह है कि उत्तर प्रदेश नंबर का कंटेनर ट्रक झारखंड में करोड़ों का गांजा लेकर किसके इशारे पर पहुंचा था?