Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 09 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में दीपावली की रात बड़ा हादसा, तेज धमाके के साथ अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख

वृंदावन में दीपावली की खुशियों के बीच देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अपार्टमेंट के फ्लैट में अचानक तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि फ्लैट की दीवार ढह गई और खिड़की-दरवाजे टूटकर सड़क पर जा गिरे। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग में लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

दरअसल, घटना वृंदावन में फोगला आश्रम के पीछे मोहन वाटिका के समीप स्थित योग माया धाम अपार्टमेंट की है। दीपावली की देर रात अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 101 में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फ्लैट की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि खिड़की और दरवाजे टूटकर सड़क पर जा गिरे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्लैट आहूजा नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिन्होंने इसे एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले चार युवकों को किराए पर दे रखा था। घटना के समय चारों युवक फ्लैट में मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फिलहाल आग लगने और तेज धमाके के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दीपावली की रात हुए इस हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

Previous News

अयोध्या की तर्ज पर गोवर्धन के 20 घाटों पर सजा दीपोत्सव, हजारों दीपों से जगमगाई मानसी गंगा

Next News

गोवर्धन से भाजपा के संभावित प्रत्याशी प्रकाश सिंह ने किए ठाकुर श्री बद्रीनाथ के दर्शन, विश्व कल्याण की कामना की