पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से बड़ी खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने आवास पर देर रात हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने इस घटना के पीछे बीजेपी कार्यकर्ताओं का हाथ होने का दावा किया है।
अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 2 बजे उनके आवास पर हमला किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से उनके कार्यालय और घर की रेकी की जा रही थी। उन्होंने इसे पिछले छह महीनों में अपनी जान लेने की सातवीं कोशिश बताया है।
वहीं, बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी के दावों को लोगों को गुमराह करने की कोशिश बताया है।
दूसरी ओर, पुलिस के मुताबिक अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच कहासुनी और झड़प हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल इस घटना को लेकर बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।