मथुरा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत मथुरा पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना शेरगढ़ की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को बताया कि बसों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर यदि कोई मनचला या शोहदा छेड़खानी अथवा अभद्रता करता है तो डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत करें और संबंधित थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराएं।
पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के दौरान सतर्कता बरतने के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट सहित यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।