मथुरा। जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोविन्द नगर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:15 बजे वृंदावन रोड स्थित राधापुरम बॉर्डर के पास हनुमान मंदिर पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सचिन (23 वर्ष) पुत्र कप्तान निवासी अजय नगर कॉलोनी, गोवर्धन चौराहा, थाना हाईवे मथुरा को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना गोविन्द नगर में मुकदमा संख्या 453/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, महिला उपनिरीक्षक हिमांशी सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।