Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 06 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में एक साथ जलीं तीन पीढ़ियों की चिताएं, डेढ़ साल के मासूम ने दी पिता को अंतिम विदाई; गांव में नहीं जले चूल्हे

मथुरा के राया थाना क्षेत्र के गांव गजू में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जबाहर सिंह, हरवीर सिंह और अंकित के शव गांव पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। हर तरफ मातम का माहौल छा गया।

तीनों का अंतिम संस्कार जबाहर सिंह के खेत में एक साथ किया गया। पिता, बेटे और नाती की एक साथ अर्थियां उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अंतिम संस्कार में गांव और आसपास के हजारों लोग शामिल हुए। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद गांव में किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला।

अंतिम विदाई के दौरान बेहद भावुक कर देने वाले दृश्य सामने आए। जबाहर सिंह को उनके बेटे हमवीर सिंह ने मुखाग्नि दी, वहीं हरवीर सिंह को उनके बेटे मानवेन्द्र ने अंतिम विदाई दी। सबसे मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब महज डेढ़ साल के मासूम मयंक ने अपने पिता अंकित को अंतिम विदाई दी। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया।

बताया गया कि गुरुवार सुबह परिवार के लोग गांव गजू के पास बरेली हाईवे किनारे अपने खेत में पूर्वजों के थान बनवा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जबाहर सिंह, हरवीर सिंह और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

Previous News

वृंदावन में धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरा संत समाज, विरोध करने वालों पर लगाए राजनीतिक स्वार्थ के आरोप

Next News

मथुरा में फैक्ट्री में चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार, AC पाइप और बिजली के तार समेत 8.890 किलो सामान बरामद