Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 05 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में धमकी भरे ई-मेल से पुलिस महकमे में अलर्ट, रेलवे स्टेशन से बस अड्डों तक सघन चेकिंग

मथुरा। नगर निगम को एक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। नगर निगम अधिकारियों द्वारा उक्त ई-मेल पुलिस को भी भेजे जाने के बाद स्थानीय पुलिस को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शहर के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष चेकिंग कराई जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस का सेल, एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) और सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पिछले दो-तीन दिनों से ही पुलिस हाई अलर्ट पर है। जगह-जगह वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सीज करने सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील है और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Previous News

गोविन्दनगर पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Next News

सुरीर पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी