दीपावली के त्योहार से पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार की निशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल योजना का मथुरा में शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से होली और दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर साल एक-एक निशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। लाभार्थियों को निर्धारित दो माह की अवधि के भीतर योजना का लाभ लेना होगा। प्रशासन ने महिलाओं से जल्द से जल्द अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने की अपील की है।
मथुरा में 39 हजार से अधिक लाभार्थियों के खाते लिंक नहीं
जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि मथुरा जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,15,900 लाभार्थी हैं। इनमें से 1,76,827 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक हो चुके हैं, जबकि 39,073 लाभार्थियों के खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं।
प्रशासन की ओर से शेष लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे जल्द अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराएं, ताकि दीपावली पर मिलने वाली निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।