दीपावली के त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मथुरा-वृंदावन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान 12 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि दूषित मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
दीपावली पर्व को देखते हुए लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मथुरा-वृंदावन में विशेष अभियान चलाया। टीम ने 12 मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर मावा, घी, बर्फी, पनीर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
कार्रवाई के दौरान वृंदावन स्थित रॉयल भारती से 15 किलो धनिया पाउडर और बृजवासी स्वीट्स की निर्माण इकाई से 13 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया। वहीं मधुरम स्वीट्स में 50 किलो दूषित मिठाई, 10 किलो अरारोट और 5 किलो बेसन को नष्ट कराया गया। इसके अलावा बृजवासी स्वीट्स में 10 किलो काजू भी नष्ट कराया गया।
खाद्य विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए हैं। वहीं, मौके से लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के मौसम में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकना खाद्य विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।