मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत एसएसपी मथुरा के निर्देशन में थाना गोविंद नगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ की घटना होने पर डरें नहीं, बल्कि तत्काल शिकायत करें। इसके लिए 1090 वीमेन पावर लाइन और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
वहीं, छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके अंतर्गत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से गोविंद नगर पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है।