मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत एसएसपी मथुरा के निर्देशन में थाना जमुनापार की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा उपायों, साइबर अपराधों और यातायात नियमों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ की घटना होने पर डरने की जरूरत नहीं है। पीड़ित महिलाएं 1090 वीमेन पावर लाइन पर शिकायत कर सकती हैं और जरूरत पड़ने पर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा सकती हैं।
इसके साथ ही महिलाओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
वहीं, छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का संदेश दे रही है।