मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर चौकी के अंतर्गत रविवार रात करीब 8:30 बजे विपिन नर्सिंग होम के समीप एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। कार पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा हुआ था। बेकाबू कार ने सड़क किनारे लगी चाऊमीन की ठेल और पास में खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर चाऊमीन की ठेल में जा घुसी। इसके बाद कार पास की बाउंड्रीवॉल से भी टकरा गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चाऊमीन की ठेल क्षतिग्रस्त हो गई और मोटरसाइकिल भी कार की चपेट में आ गई।
गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार चालक को मामूली चोट आई और उसे पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना के बाद चालक के मौके से भागने की बात भी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है।
अब सवाल यह है कि कार पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखे होने के पीछे क्या वजह थी और हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।