मथुरा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन नंबरों, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत 29 अक्टूबर को थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ जैसी घटनाएं होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराएं। इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें।