Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 05 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
स्मार्ट प्रीपेड मीटर खत्म, अब पुराने तरीके से आएगा बिजली बिल

उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के बाद अब राज्य में लगे सभी स्मार्ट मीटर भी सामान्य पोस्टपेड मीटर की तरह ही काम करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को हर महीने की तरह बिल प्राप्त होगा और उन्हें पहले की तरह भुगतान करने का समय भी मिलेगा।

दरअसल, प्रदेशभर से स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। उपभोक्ताओं का कहना था कि मीटर तेजी से रीडिंग ले रहे हैं, अचानक बिजली कट जाती है और रिचार्ज के बाद भी तुरंत सप्लाई बहाल नहीं होती। इन तकनीकी दिक्कतों और जनआक्रोश को देखते हुए सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है।

ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब हर महीने की 1 से 30 तारीख तक का बिल तैयार होगा और उपभोक्ताओं को SMS या व्हाट्सएप के जरिए भेजा जाएगा। बिल मिलने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान करना होगा। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में महीने के भीतर बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

जिन उपभोक्ताओं पर पहले से बकाया बिल है, उन्हें भी राहत देते हुए 10 किस्तों में भुगतान करने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना मोबाइल नंबर बिजली विभाग में दर्ज नहीं कराया है, उन्हें जल्द से जल्द नंबर अपडेट कराने की सलाह दी गई है, ताकि समय पर बिल और अन्य जानकारी मिल सके।

गौरतलब है कि प्रदेश में करीब 3.5 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 75 लाख से ज्यादा घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके थे। इस फैसले के बाद अब सभी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और लंबे समय से चल रहा विवाद भी थमता नजर आ रहा है।

 
Previous News

आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में घिरे गायक मासूम शर्मा, देहरादून पुलिस से मांगा समय

Next News

वृंदावन में बाइक चोरों का आतंक: दिनदहाड़े घर के बाहर से मोटरसाइकिल उड़ाई