Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 28 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बेटी से छेड़छाड़ का रिश्तेदार युवक पर आरोप, विरोध करने पर घर में घुसकर हमला

मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र से एक महिला ने अपने ही परिवार के युवक पर बेटी से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर उसके और उसकी बेटियों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय थाने में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

मामला मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने परिवार के ही युवक पर अपनी बेटी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, करीब तीन महीने पहले भी आरोपी युवक ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। उस समय एसएसपी के आदेश पर मामले में संज्ञान लिया गया था, लेकिन पारिवारिक हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया।

महिला का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपी पक्ष के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और दोबारा उसकी बेटी को परेशान करने लगे। इसके चलते बेटी का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे दर्जनों लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब महिला और उसकी बेटियों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। महिला का यह भी आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।

पीड़िता के मुताबिक, स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

Previous News

तीसरी बार भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनने पर पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया का भव्य स्वागत

Next News

एससी-एसटी मुकदमा वापस न लेने पर युवक को मारी गोली, आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर