Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 27 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए वृंदावन में निकली दीप ज्योति यात्रा, कार्तिक मास में संकल्प दीप जलाने का आह्वान

वृंदावन। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति संकल्प दीप ज्योति यात्रा निकाली गई। चिंतामणि कुंज से इस्कॉन मंदिर तक निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत, ब्रजवासी और श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से कार्तिक मास में देश-विदेश के हिंदू परिवारों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प के साथ दीप जलाने का आह्वान किया गया।

हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।

महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार्तिक मास के दौरान देश और विदेश के प्रत्येक हिंदू घर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के संकल्प के साथ एक दीप जलाने का आह्वान किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका, स्पेन, जर्मनी और जापान सहित कई देशों के सनातन संगठनों ने भी इस अभियान में सहयोग करने पर सहमति जताई है।

यात्रा में शामिल संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज, स्वामी सुरेशानंद और महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज सहित अन्य संतों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े अपने पक्ष को रखते हुए विवादित गर्भगृह स्थल पर पुनः भव्य मंदिर निर्माण की मांग की। संतों ने सनातन धर्मावलंबियों से एकजुट होकर इस आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह और संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज ने भी अपने विचार रखे।

वृंदावन में निकाली गई इस दीप ज्योति यात्रा के माध्यम से आयोजकों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और कार्तिक मास में संकल्प दीप अभियान को देश-विदेश तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Previous News

ब्रजरज उत्सव में सुदेश भोसले की गायकी का जादू, सदाबहार गीतों पर झूम उठे दर्शक

Next News

गोवर्धन की मुड़सेरस ग्राम पंचायत में करीब 10 लाख के फर्जी भुगतान का आरोप, प्रधान-सचिव को नोटिस