उत्तर प्रदेश पीईटी-2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आगरा मंडल रेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, वहीं कुछ मौजूदा ट्रेनों का विस्तार भी किया गया है। मथुरा जंक्शन से लखनऊ और बांदा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जबकि आगरा कैंट से मेरठ के लिए जरूरत के अनुसार परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल से मथुरा के बीच भी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी।
पीईटी परीक्षा की तारीखों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और परीक्षार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
इस संबंध में मथुरा जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों और यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन के गेट नंबर एक पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां अतिरिक्त भीड़ होने की स्थिति में यात्री ठहरकर विश्राम कर सकेंगे। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हेल्प डेस्क भी बनाई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके।
इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा देने के लिए मथुरा आने वाले और यहां से दूसरे शहरों की ओर जाने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।