Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 24 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में डकैती की साजिश नाकाम, मुठभेड़ के बाद गैंग के 6 बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

मथुरा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना हाईवे क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे छह बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे और डकैती में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।

मामला थाना हाईवे क्षेत्र का है, जहां रोडवेज बस स्टैंड के पास गुरु कृपा संगम के सामने कुछ बदमाशों के छिपकर बड़ी डकैती की साजिश रचने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

इस दौरान मुठभेड़ में नीरज और सौरभ के पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए सचिन, अजीत, गोपाल और अनुराग को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया है।

मामले को लेकर सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस को बदमाशों के डकैती की योजना बनाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और डकैती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बरामद हथियारों और उपकरणों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

Previous News

वृंदावन में गणेश-मुकुट पूजन के साथ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, शिव-पार्वती संवाद और नारद मोह लीला का मंचन

Next News

राया-कोयल रेलवे फाटक बंद होते ही मचा हड़कंप, स्कूल वाहन लौटे; राहगीरों की बढ़ी मुसीबत