महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों, साइबर अपराधों से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
छेड़खानी होने पर तुरंत पुलिस को दें सूचना
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसी घटनाओं की शिकायत के लिए महिला पावर लाइन 1090 पर संपर्क करने और संबंधित थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।
सोशल मीडिया का सावधानी से करें इस्तेमाल
पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, निजी जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतने और साइबर अपराध की स्थिति में उचित सहायता लेने के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सभी से स्वयं नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लें।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद
मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी भी दी। बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
थाना गोविंदनगर पुलिस के इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना, सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना और आवश्यकता पड़ने पर सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।