Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 21 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
थाना शेरगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मथुरा पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना शेरगढ़ की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क करने और संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति पुलिस टीम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि इस योजना के माध्यम से यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।

मथुरा पुलिस का यह जागरूकता अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने, सुरक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Previous News

राजदीप पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

Next News

प्राथमिक विद्यालय मगोर्रा में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बच्चों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी