यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह सड़क हादसा हो गया। सुरीर क्षेत्र में माइलस्टोन 73 के पास सड़क पर खड़े छोटा हाथी वाहन में पीछे से आ रहे दूसरे छोटा हाथी ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक छोटा हाथी वाहन सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे दूसरे छोटा हाथी वाहन ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सौरभ पुत्र दाताराम निवासी ग्राम असफाबाद, थाना रसूलपुर के घुटनों में चोटें आईं। वहीं, दूसरे वाहन के चालक सूरज पुत्र पवन सिंह निवासी ग्राम चकोटिया, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना पर पहुंचे बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई।
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क पर वाहन खड़ा करने और तेज गति से वाहन चलाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।