महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर मथुरा पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना बरसाना की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़खानी, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को बताया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने की जरूरत नहीं है। ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत महिला पावर लाइन 1090 पर शिकायत करें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाने में पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराएं।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील करते हुए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
वहीं, मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी बताया। इस योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। पुलिस टीम ने छात्राओं को शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।