Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 18 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोविंदनगर पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों और निःशुल्क कोचिंग योजना की दी जानकारी

मथुरा में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता को लेकर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को छेड़छाड़ की घटनाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने मनचलों और शोहदों से डरने के बजाय तत्काल शिकायत करने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करने की अपील की। इसके साथ ही छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन के बारे में भी बताया गया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना गोविंदनगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर को महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को बसों, रास्तों तथा सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिला हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें तथा जरूरत पड़ने पर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई। साथ ही महिलाओं और छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 और 102, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न उपयोगी नंबरों की जानकारी दी।

वहीं, छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।

Previous News

मथुरा में कांग्रेस ने MLC प्रत्याशी राहुल राज कुलश्रेष्ठ को दिया समर्थन, 21 सदस्यीय चुनावी टीम गठित

Next News

नौहझील पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी