फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में नवरात्रि के दौरान भंडारे के लिए गर्म खीर लेकर जा रहे एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा पलटने से उसमें रखा गर्म खीर का भगोना यात्रियों के ऊपर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग झुलस गए, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मडुआ गांव का एक परिवार बेहड़ माता मंदिर में भंडारे के लिए घर पर तैयार की गई खीर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में रखा गर्म खीर से भरा भगोना यात्रियों के ऊपर गिर पड़ा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में झुलसे सभी 10 लोगों का उपचार कराया जा रहा है। घायलों में पांच बच्चे शामिल हैं।
नवरात्रि के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया। फिलहाल सभी घायलों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।