मथुरा में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में थाना जैत की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, आत्मरक्षा, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श और महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत 16 अक्टूबर को थाना जैत की पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान UPSC, UPPSC, SSC, NEET और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़ी महिलाओं एवं छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, उनके कानूनी अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में बताया गया। साथ ही नाबालिग बालक-बालिकाओं के प्रेम संबंधों के चलते घर से पलायन जैसी समस्याओं और साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने छात्राओं को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों, बसों और रास्तों में छेड़छाड़ होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
इस दौरान 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक बनाकर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना है।