Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 15 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
शेरगढ़ पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना शेरगढ़ की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से संबंधित जानकारी भी दी गई।

साइबर अपराध और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा के बताए तरीके

मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया और किसी भी असहज स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। नाबालिग बालक-बालिकाओं के प्रेम संबंधों के चलते घर से चले जाने जैसी घटनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। महिलाओं को बताया गया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराएं।

UPSC, UPPSC, SSC और NEET की तैयारी के लिए किया प्रेरित

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा और करियर निर्माण के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें यूपीएससी (UPSC), यूपीपीएससी (UPPSC), एसएससी (SSC) और नीट (NEET) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से थाना शेरगढ़ पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

Previous News

मथुरा में नाबालिग को भगाकर ले जाने और यौन अपराध के आरोपी को मगोर्रा पुलिस ने किया गिरफ्तार

Next News

मथुरा: बृज चिकित्सा संस्थान में स्तन कैंसर जागरूकता परिचर्चा आयोजित, 150 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा