मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र की बाद चौकी अंतर्गत कृष्ण वाटिका, आजमपुर कॉलोनी में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने के आभूषण, नकदी, बैटरी, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
मकान स्वामी पवन चौधरी पुत्र रतन सिंह के अनुसार, वह किसी काम से अपने गांव गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर उन्हें मकान और अलमारी के ताले टूटे मिले, जबकि घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना रिफाइनरी प्रभारी और बाद चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल चोरी गए सामान की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरों ने वारदात को कैसे अंजाम दिया और वे किस रास्ते से फरार हुए।