कान्हा की नगरी मथुरा में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को भगवान श्रीराम की भव्य बरात श्रद्धा, आस्था और अपार उत्साह के साथ निकाली गई। बांटी वाली कुंज, लाल दरवाजा से प्रारंभ हुई इस दिव्य बरात के दर्शन के लिए शहरभर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह भगवान श्रीराम की बरात का भव्य स्वागत किया गया।
इसी क्रम में बरात जब चौक बाजार स्थित सब्जी मंडी, अवधपुरी पहुंची, तो पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। यहां वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति पंडित मनोज शर्मा और वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति पंडित बादल शर्मा ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूपों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
इस पावन अवसर पर उपस्थित अतिथियों और बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वरूपों की महाआरती उतारी और श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
भगवान श्रीराम की बरात के दौरान पूरी मथुरा नगरी भक्ति और उल्लास के रंग में रंगी नजर आई। श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना रहा।