कान्हा की नगरी मथुरा में रविवार को भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात निकाली गई। राम बारात में शामिल सैकड़ों आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह राम बारात का पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया गया तथा भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई।
इसी क्रम में चौक बाजार के समीप परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राम गोपाल शर्मा ने अपने परिजनों और साथियों के साथ राम बारात का भव्य स्वागत किया। इस दौरान बारात में शामिल पदाधिकारियों का साफा और माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद विधि-विधान से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर महाआरती उतारी गई।
इस अवसर पर परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राम गोपाल शर्मा और उनके पुत्रों ने बताया कि उनके परिवार में लंबे समय से भगवान श्रीराम की राम बारात के स्वागत की परंपरा चली आ रही है। उनका कहना है कि भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और राम बारात के स्वागत के दौरान ऐसा अनुभव होता है, मानो स्वयं प्रभु श्रीराम उनके द्वार पर पधारे हों। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।