महाभारत की कहानियों और उनके अनकहे रहस्यों को नए अंदाज में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से मथुरा में ‘कुरुभूमि’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया। अमरनाथ विद्याश्रम के एक छात्र ने अपनी टीम के साथ इस फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में अभिमन्यु, गांधारी, अर्जुन, द्रौपदी, युधिष्ठिर, द्रोणाचार्य और पितामह भीष्म जैसे महाभारत के प्रमुख पात्रों की अलग-अलग कहानियों को दर्शाया गया है। फिल्म के माध्यम से युवा पीढ़ी को महाभारत के प्रसंगों और उनसे मिलने वाली सीख से जोड़ने का प्रयास किया गया।
शनिवार को अमरनाथ डिग्री कॉलेज में ‘कुरुभूमि’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यालय के इतिहास विषय के विद्यार्थी भी मौजूद रहे। फिल्म में महाभारत काल के विभिन्न पात्रों के जीवन, उनकी परिस्थितियों और उनसे जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया।
आयोजकों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय इतिहास, संस्कृति और महाभारत की कथाओं से परिचित कराना रहा। फिल्म देखने के बाद उपस्थित लोगों ने इसकी सराहना की और फिल्म से जुड़े सभी पात्रों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मधु तोमर, पार्षद तेजवीर चौधरी और महेंद्र सिंह एडवोकेट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने फिल्म की प्रस्तुति और इसके संदेश की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मांडवी राठौर और नरेंद्र मोदी विकास मिशन की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मधु तोमर ने फिल्म के उद्देश्य और इसके संदेश के बारे में बताया।