मथुरा। जनपद में छिनैती की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी रॉबरी टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, पीली धातु की चेन और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना रिफाइनरी में दर्ज मुकदमा संख्या 288/2026, धारा 304(2) बीएनएस में वांछित आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी रॉबरी टीम ने रात करीब 10:20 बजे कोयला अलीपुर के पास राया की ओर से आने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी बाइक गिर गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
एक आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ कालिया (28 वर्ष), पुत्र जगदीश और प्रकाश (करीब 25 वर्ष), पुत्र हरिओम, दोनों निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
मुठभेड़ में सूरज उर्फ कालिया के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, दूसरे आरोपी प्रकाश के कब्जे से पीली धातु की एक गले की चेन बरामद की गई।
मोटरसाइकिल और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु की एक चेन और घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रिफाइनरी में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।