मथुरा। विंगस्टन होटल की एक दीवार में निर्माण कार्य के दौरान दीवार दूसरी तरफ पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य किया।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि घटना के समय मौके पर तीन मजदूर मौजूद थे। इनमें से एक मजदूर को बाहर निकाला गया, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य मजदूर मौके से अपने गंतव्य की ओर चले गए। पुलिस अब दोनों मजदूरों को बुलाकर उनके बयान दर्ज करेगी और घटना का पूरा क्रम जानने का प्रयास करेगी।
मृतक मजदूर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस के अनुसार ठेकेदार की तलाश की जा रही है।
इधर, मृतक के परिजनों की ओर से होटल के मैनेजर और मालिक के फरार होने का दावा किया गया है। वहीं, घटना के बाद दो लोगों के फरार होने की भी चर्चा सामने आई है। हालांकि, इन दावों की प्रशासन या पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौजूद हैं। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।