Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 02 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
लापता किशोर की तलाश में वृंदावन आश्रम के बाहर धरना, परिजनों ने दी आत्मदाह की चेतावनी

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन स्थित श्री राधा हित केलिकुंज आश्रम के बाहर हाथरस से आए करीब तीन दर्जन लोगों ने 16 वर्षीय किशोर की बरामदगी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी।

हाथरस के सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव बरामनी निवासी राजवीर सिंह का कहना है कि उनका 16 वर्षीय बेटा अनुज चौधरी पिछले करीब तीन महीने से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पिता के मुताबिक, अनुज ने करीब तीन माह पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी और इसके बाद घर लौट आया था। घर पर करीब पांच दिन रहने के बाद वह आश्रम से मिली कंठी-माला और तीन पुस्तकें लेकर दोबारा प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए निकला, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

राजवीर सिंह का आरोप है कि वह पिछले तीन महीने से बेटे की तलाश में भटक रहे हैं। उनका कहना है कि आश्रम प्रबंधन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दे रहा और बेटे के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही है। परिजनों के मुताबिक, हाल ही में आश्रम के आसपास मिले एक साधु ने दावा किया था कि उन्होंने अनुज को आश्रम के अंदर देखा था। इसके बाद परिजन आश्रम के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।

परिजनों ने आश्रम से जुड़े एक अन्य युवक की मौत का हवाला देते हुए अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई। राजवीर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर उनके बेटे को उनके सुपुर्द नहीं किया गया, तो वह अपनी पत्नी और चार बेटियों के साथ आश्रम के बाहर आत्मदाह करेंगे।

सूचना मिलने पर सीओ वृंदावन संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किशोर की गुमशुदगी का मामला पहले से ही हाथरस जिले के संबंधित थाने में दर्ज है और हाथरस पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

सीओ ने बताया कि परिजनों का आरोप है कि किशोर आश्रम में आया था। आश्रम के रिकॉर्ड की जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों की जानकारी परिजनों को दी जाएगी।

वहीं, आश्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि उनके साधक समूह और उपलब्ध रिकॉर्ड में अनुज चौधरी नाम के किसी किशोर का विवरण नहीं है। पुलिस के अनुसार, हाथरस पुलिस की जांच में आश्रम की ओर से हर संभव सहयोग किया जा रहा है।

Previous News

कोसीकलां पुलिस ने चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, सोने के टॉप्स और ₹2,320 नकद बरामद

Next News

मथुरा में भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश