मथुरा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना बलदेव पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाकर परिवार को बिखरने से बचाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में 2 अक्टूबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से ग्राम अवैरनी में घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी और झगड़े की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना बलदेव की मिशन शक्ति टीम ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी कुशलतापूर्वक काउंसलिंग की। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच की गलतफहमियां दूर हुईं और दोनों ने आपसी मनमुटाव भुलाकर दोबारा साथ रहने पर सहमति जताई।
इसके बाद दोनों पति-पत्नी प्रसन्नतापूर्वक अपने घर लौट गए। मिशन शक्ति टीम की इस पहल से परिवार को टूटने से बचाया जा सका।