मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र के गांव विजऊ में देश सेवा के बाद लौटे सीआरपीएफ सेवानिवृत्त जवान तेजपाल सिंह का ग्रामीणों और परिजनों ने ढोल-डीजे के साथ भव्य स्वागत किया। करीब 35 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद गांव लौटे तेजपाल सिंह के स्वागत में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गांव विजऊ निवासी स्वर्गीय डोरी लाल के पुत्र तेजपाल सिंह का 2 मई 1991 को सीआरपीएफ में चयन हुआ था। इसके बाद उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में तैनात रहकर करीब 35 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। 30 सितंबर 2026 को कोकरनाग, अनंतनाग, जम्मू-कश्मीर स्थित सीआरपीएफ की 164वीं बटालियन से 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद वह सेवानिवृत्त हुए और सकुशल अपने गांव पहुंचे।
शुक्रवार सुबह उनके गांव पहुंचने पर पुत्र नीरज सिंह, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा साफा बांधकर उनका जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने देश की सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
इसके बाद तेजपाल सिंह अपने परिजनों के साथ जेतू मोहल्ला स्थित शनिदेव एवं हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की।
सेवानिवृत्ति की खुशी में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में डीजे की धुन पर जमकर जश्न मनाया गया। महिलाओं ने भी खुशी में नृत्य किया। लंबे समय बाद अपने गांव लौटे तेजपाल सिंह के स्वागत में उमड़ी भीड़ ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया।