मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मानागढ़ी रोड स्थित मानागढ़ी मोड़ के पास अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे बाइक संख्या HR-29-AE-3794 पर सवार दो युवक मानागढ़ी रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कोलाना निवासी 28 वर्षीय पवन पुत्र धर्मवीर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अशोक पुत्र ग्यानी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर और देवेंद्र सिंह मोबाइल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अशोक को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी नौहझील पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर किनारे खड़ा कराया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही। मृतक के शव के संबंध में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं हुई।