Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 01 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
स्वच्छता रैली में गूंजा ‘ब्रज को स्वच्छ बनाने’ का संदेश

मथुरा। स्वच्छता ही सेवा 2026 और ‘हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ अभियान के तहत नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से बुधवार को जन-जागरूकता रैली निकाली गई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और नगर आयुक्त ओजस्वी राज की मौजूदगी में निकली रैली के जरिए नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

रैली नगर निगम के भूतेश्वर मुख्यालय से शुरू होकर कृष्णानगर तक पहुंची। इसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईसीसी स्वयंसेवक, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सफाई मित्र और कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हुए।

कृष्णानगर मार्केट और रोड को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। रैली के दौरान ‘रोको-टोको’ अभियान के जरिए लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने, नालियों में कचरा नहीं डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।

व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने साफ-सफाई रखने और कूड़े को निर्धारित कूड़ेदान अथवा नगर निगम के अधिकृत वाहनों को देने की अपील की गई। इस दौरान पंपलेट वितरित कर गीले और सूखे कचरे को अलग रखने समेत स्वच्छता के अन्य नियमों की जानकारी भी दी गई।

अभियान के दौरान दुकानों के सामने गंदगी मिलने पर करीब 18 छोटे-बड़े दुकानदारों पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और ब्रज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना सहयोग दें।

Previous News

मांट पुलिस ने 20 पव्वा देशी शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार

Next News

राया हाईवे पर सात लाख की लूट की सूचना से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी