Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 30 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, पांच घंटे जाम

गोवर्धन के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव बोरपा में खेत पर काम कर रहे 20 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मथुरा-सौंख मार्ग पर शव रखकर करीब पांच घंटे तक जाम लगा दिया।

बताया जा रहा है कि गांव बोरपा निवासी रुपेश खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार जर्जर हालत में हैं और काफी नीचे तक लटक रहे हैं, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मथुरा-सौंख मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मगोर्रा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीण विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई और समस्या के स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण मथुरा-सौंख मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस और प्रशासन की काफी मशक्कत के बाद करीब पांच घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है।

Previous News

रक्तदान करने वाली संस्थाओं को जिला अस्पताल में किया सम्मानित

Next News

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक