मथुरा। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत मथुरा में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में महिला थाना मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों, रास्तों और बसों में छेड़खानी जैसी घटनाओं से डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया। साथ ही 1090 महिला पावर लाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य माध्यमों का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की गई। महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 102 एंबुलेंस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।