मथुरा के थाना गोवर्धन क्षेत्र के माधुरी कुंड गांव में शराब पीने से रोकना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि घर में घुसकर जबरन शराब पीने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। महिला को बचाने आए उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, माधुरी कुंड निवासी अनीता पत्नी ज्ञान सिंह के घर में रिश्ते में लगने वाले कुछ युवक कथित तौर पर शराब पी रहे थे। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे।
महिला को पिटता देख उसका बेटा गंगा सिंह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में मां-बेटे दोनों घायल हो गए।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद जब वे पुलिस को सूचना देने के लिए गांव से थाना गोवर्धन की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में भी महिला के साथ दोबारा लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल मां-बेटे को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। अनीता की हालत गंभीर होने पर उसे मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले भी कुछ युवक उनके घर में घुसकर जबरन शराब पी रहे थे। उस समय भी विरोध करने पर गाली-गलौज की गई थी। परिवार का आरोप है कि इस बार आरोपियों ने अनीता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके चलते उसकी जान चली गई।
महिला की मौत की खबर से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।