झांसी के मऊरानीपुर में पितृ पक्ष के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रानीपुर देवरिपुरा गांव में सुखनई नदी के पास श्राद्ध कर्म की रस्म निभाने पहुंचे एक ही परिवार के पांच लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में पिता, उनका बेटा, भतीजा, भांजा और एक अन्य व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग सुखनई नदी के किनारे श्राद्ध कर्म की रस्में निभा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी नदी में उतर गए और देखते ही देखते हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और पांचों लोगों को पानी से बाहर निकाला गया। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।