हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और शाहपुर से पांच बार विधायक रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया का मंगलवार को 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कांगड़ा जिले में उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। मनकोटिया ने भारतीय सेना में सेवा देने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। वर्ष 1982 में उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना पहला चुनाव जीता था।
इसके बाद उन्होंने शाहपुर का पांच बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया और हिमाचल प्रदेश सरकार में दो बार मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके राजनीतिक जीवन में पर्यटन, नागरिक उड्डयन और कानून जैसे विभागों की जिम्मेदारी भी रही।
करीब चार दशक के लंबे राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने कांग्रेस, जनता दल और बहुजन समाज पार्टी समेत अलग-अलग राजनीतिक मंचों पर काम किया। अक्टूबर 2022 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उनके निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं।