वृंदावन (मथुरा)। थाना वृंदावन पुलिस ने संपत्ति से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को रात करीब 8:40 बजे मुखबिर की सूचना पर नगर निगम बस स्टैंड के पास, अटल्ला चुंगी से रंगजी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग से आशीष पुत्र गोविंद सिंह निवासी सुनरख रमणरेती, वृंदावन को गिरफ्तार किया गया।
यह गिरफ्तारी थाना वृंदावन में दर्ज मु.अ.सं. 594/2026 के तहत की गई, जिसमें धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत संपत्ति को छलपूर्वक हड़पने और अवैध लाभ अर्जित करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर एक मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कई लोगों ने मिलकर संपत्ति के संबंध में छलपूर्वक लाभ अर्जित करने का प्रयास किया। इस मामले में छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिनमें आशीष भी शामिल था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर आशीष को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।