फरह (मथुरा): पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली दीनदयाल धाम में 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय स्मृति महोत्सव-मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला समिति ने रणनीति तय कर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
रविवार को पं. दीनदयाल सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मेला समिति की बैठक हुई। समिति अध्यक्ष सोनपाल शर्मा ने बताया कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, रैबीहा दंगल, कवि सम्मेलन सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन होंगे।
मेला कोषाध्यक्ष नरेंद्र पाठक ने बताया कि व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न समितियां सक्रिय हैं और तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बैठक के दौरान स्मृति महोत्सव के आधिकारिक पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
समिति ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में अंत्योदय, रोजगार, स्वावलंबन, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही गौपालन, गौसंवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती पर भी विचार-विमर्श एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में संरक्षक डॉ. रोशन लाल, अशोक टैटीवाल, शिवशंकर शर्मा, भीकम चंद दुबे, अनूप चौधरी, अशोक शर्मा, राजेंद्र शर्मा, शोभाराम शर्मा, गुलशन सिंह, लोकेश प्रताप सिंह, भवानी शंकर पचौरी, पारस ठाकुर, नरेंद्र शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन मंत्री मनीष अग्रवाल ने किया।