मथुरा। जनपद की थाना नौहझील पुलिस ने अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात करीब 11:00 बजे थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कस्बा बाजना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाजना से ग्राम लालपुर जाने वाले मार्ग पर डाक बंगले के गेट के पास संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललित कुमार (20 वर्ष) पुत्र सतीश चंद, निवासी मोहल्ला ऊपरकोट, कस्बा बाजना, थाना नौहझील के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना नौहझील में मुकदमा संख्या 300/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि अवैध हथियार उसने कहां से प्राप्त किया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।