मथुरा के बी.एस.ए. कॉलेज में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को स्वच्छता एवं जन-जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेशों की तख्तियां लेकर छात्रों ने आमजन को अपने आसपास सफाई रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर फेंकने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवाओं के माध्यम से यह संदेश समाज में और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचता है। नगर निगम की अपर नगर आयुक्त ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के तहत पूर्व में भी कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनमें 22 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता, 21 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 18 सितंबर को फल वितरण और 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम के तहत 2100 दीप प्रज्वलित किए गए थे। इस अवसर पर नोडल अधिकारियों सहित डॉ. बबीता अग्रवाल, डॉ. मधु त्यागी, डॉ. खुशवंत सिंह और डॉ. एस.के. राय सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।