मथुरा के श्रीजी बाबा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर के तत्वाधान में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य उद्बोधक डॉ. मालती मिश्रा ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के भव्य आयोजन का परिचय दिया। संपूर्ण कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग ड्रोन तकनीक के माध्यम से की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती संतोषी दुबे के सफल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आचार्या बहनों, छात्राओं, पूर्व छात्राओं, अभिभावकों और कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर देशभक्ति से गुंजायमान हो उठा। इसके साथ ही जनपद के 10 अन्य प्रमुख विद्यालयों—दीक्षा पब्लिक एकेडमी, श्री लॉर्ड राम कृष्णा पब्लिक स्कूल, रमन लाल सोरावाला पब्लिक स्कूल, मासूम स्कूल, गुरुकुलम ग्लोबल स्कूल, सारंग हाई इंपैक्ट स्कूल, ज्ञानदीप शिक्षा भारती, जेएसबी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल रिफायनरी नगर और राजीव इंटरनेशनल स्कूल को केंद्र बनाते हुए वंदे मातरम् का सस्वर गायन संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्या बहन कुसुमलता गौतम ने किया। इस अवसर पर महंत श्री राधाकांत गोस्वामी, महंत श्री रमाकांत गोस्वामी, नीरजा शर्मा, प्रेमापानू, रोशन लाल अग्रवाल, आर.पी. सिंह, प्रवीण अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, वीरेंद्र बंसल एवं हरेंद्र सारस्वत की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और प्रबंधक महोदय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।