मथुरा-वृंदावन नगर निगम की नवागत अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह शनिवार को एक्शन मोड में नजर आईं। उनके नेतृत्व में नगर निगम ने पुराने बस स्टैंड से होली गेट चौराहे तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जिससे बाजार क्षेत्र में आवागमन सुचारू हो सके।
नगर आयुक्त के निर्देश पर शनिवार सुबह नगर निगम की प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंची। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी दुकानें लगाए बैठे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी की। टीम ने फुटपाथ और सड़क पर रखे सामान, ठेले एवं अन्य अवैध कब्जों को हटाते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि होली गेट जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन जाम और आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ता था। अभियान के दौरान ऐसे सभी अवरोधों को हटाने की कार्रवाई की गई।
अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह ने कहा कि नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि किसी ने दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा किया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुविधा बनी रहे।